Breaking News

मोदी की विरासत में नक्सलवाद से मुक्ति और धारा 370 हटाने का उल्लेख होगा: राजनाथ सिंह

-10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा, प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम : पंकज चौधरी
 – नरेंद्र मोदी केवल प्रधानमंत्री का नाम नहीं, भारत के सम्मान और गौरव का नाम : चिराग पासवान
 – अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा, प्रधानमंत्री मोदी युवाओं को उपलब्ध करा रहे रोजगार : चंद्रबाबू नायडू

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
वाराणसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि भविष्य में जब मोदी की विरासत लिखी जाएगी तो उसमें नक्सलवाद से देश को मुक्ति दिलाने, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने और संसद में महिलाओं को बराबर भागीदारी दिलाने जैसे कार्यों का उल्लेख होगा। उन्होंने कहा कि महान नेता लोगों को स्वावलंबी बनाता है और प्रधानमंत्री मोदी ने यही किया है।
राजनाथ सिंह ने काशी और वडनगर के संबंध को सेवा, संस्कार और साधना की संगम यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि काशी प्रधानमंत्री की कर्मभूमि है, जबकि वडनगर उनकी जन्मभूमि और संस्कारों की भूमि है। उन्होंने दावा किया कि 2014 से पहले देश कई अवसरों से वंचित रहा। सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान एक बड़ी चिप निर्माता कंपनी को भारत में फैक्ट्री लगाने की अनुमति नहीं मिली थी।
रक्षा मंत्री ने काशी और वडनगर के करीब दो हजार वर्ष पुराने संबंध का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में बौद्ध भिक्षु सारनाथ से वडनगर तक ज्ञान और अध्यात्म का संदेश लेकर गए थे। प्रधानमंत्री की स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल का जिक्र करते हुए उन्होंने वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी का भी उल्लेख किया।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि काशी से 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर जाएंगे। यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सम्मान और गौरव का नाम बताया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Check Also

लखनऊ छावनी में 101 करोड़ की 12 परियोजनाएं नहीं, 12 संकल्प हैं: राजनाथ सिंह

– केंद्र-राज्य की सोच एक दिशा में हो तो कई गुना बढ़ती है विकास की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES