Breaking News

2027 की तैयारी में भाजपा का बड़ा अभियान, अगस्त तक सभी जिलों का दौरा करेंगे पंकज चौधरी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापक प्रदेशव्यापी दौरे का रोडमैप तैयार किया है। इसी महीने से शुरू होने वाला यह अभियान अगस्त तक प्रदेश के सभी जिलों को कवर करेगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पंकज चौधरी अपने दौरे के दौरान प्रत्येक जिले में संगठन और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत संवाद करेंगे। वह सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों तथा जिला पंचायत अध्यक्षों से भी संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों और सुझावों को संगठनात्मक मजबूती के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष प्रत्येक जिले में भाजपा की जिला कार्यकारिणी के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक भी करेंगे। इन बैठकों में सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता जैसे विषयों पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला है। दौरे की एक विशेष पहल के तहत पंकज चौधरी हर जिले में विचार परिवार के किसी वरिष्ठ कार्यकर्ता के घर भी जाएंगे। इसके माध्यम से पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक जिले में भाजपा के सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ता को सम्मानित भी किया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इस व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक अभियान से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को और मजबूती मिलेगी। प्रदेश भर में संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने की यह रणनीति भाजपा के चुनावी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है।

Check Also

अनुपम मिश्रा बने रालोद उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मिलेगी नई धार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने उत्तर प्रदेश में संगठन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES