Breaking News

तीन लाख दीपों से जगमगाया राष्ट्र प्रेरणा स्थल, मुख्यमंत्री ने शुरू किया ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और समर्पण तथा उनके 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। इसके साथ ही भारत माता की प्रतिमा तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम स्थल पर तीन लाख दीपों का प्रज्वलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास के अभिनव समन्वय के माध्यम से देश को नई दिशा देने का कार्य हुआ है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में लोककल्याण तथा विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने और नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने की❤️ दिशा में अनेक अभिनव कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत तेज गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में विश्व में अपनी पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना के साथ राष्ट्र प्रेरणा स्थल से शुरू हुआ यह अभियान सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ पूरे प्रदेश में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के महत्वपूर्ण स्थलों के अलावा लोककल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के करोड़ों लाभार्थी और नागरिक राष्ट्र निर्माण के महायज्ञ से जुड़ रहे हैं। आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता प्रधानमंत्री के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Check Also

टीएचआर इकाइयों से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, 1.15 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंच रहा पोषाहार : केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं अब …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES