Breaking News

जनता से संवाद और परिवारों से आत्मीय मुलाकात, प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जनसंपर्क अभियान

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रयागराज में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विभिन्न गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के आवासों पर पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परिवारजनों का कुशलक्षेम जाना और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं भावनाओं को समझने का प्रयास किया।
अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री सबसे पहले पार्षद नीरज गुप्ता के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। इस अवसर पर क्षेत्रीय मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार आलोक मालवीय के आवास पहुंचकर उनकी माताश्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
उप मुख्यमंत्री ने अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित एवं प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी अभिन्न श्याम गुप्ता के आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जनसंपर्क अभियान के क्रम में केशव प्रसाद मौर्य वरिष्ठ अधिवक्ता संजय ओम के आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवारजनों से आत्मीय भेंट कर उनका हालचाल जाना। इसके अलावा सलोरी क्षेत्र में संजय शुक्ला के आवास पर पहुंचकर उन्होंने परिजनों और क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों से संवाद किया तथा सामाजिक और स्थानीय विषयों पर चर्चा की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग से सीधा संवाद स्थापित करना, आत्मीय संबंधों को मजबूत बनाना और जनभावनाओं को समझना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनसंवाद सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा जनता के बीच रहकर उनकी अपेक्षाओं को जानना ही सुशासन का आधार है।

Check Also

ग्रामीण आजीविका मिशन के नवचयनित प्रबंधकों को मिला नेतृत्व का पाठ, सात दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES