Breaking News

छठ पर्व से पहले गोमती घाटों पर सफाई अभियान तेज, नगर निगम ने किया व्यापक निरीक्षण

– छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : गौरव कुमार,नगर आयुक्त
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। आगामी छठ पूजा पर्व को देखते हुए लखनऊ नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गोमती नदी की स्वच्छता, घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशन में बुधवार को नगर निगम की टीम ने विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य अभियंता नगर निगम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने लक्ष्मण पार्क घाट, मनकामेश्वर आरती घाट, झूलेलाल पार्क घाट, रानीपुर रोड छठ पूजा घाट, स्कूटर इंडिया चौराहा गौरी स्थल, साजिया घाट, कुड़िया घाट, मेहंदी घाट और लल्लूमल घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और यातायात प्रबंधन की स्थिति का जायज़ा लिया।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि गोमती नदी की सतत सफाई के लिए एक स्कीमर मशीन और 15 नावें तैनात की गई हैं, जिन पर जीपीएस सिस्टम लगाया गया है ताकि निगरानी सुचारू रूप से हो सके। सभी नावों पर नगर निगम की पहचान अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। नदी किनारे लगाए गए ग्रीन नेट्स की जांच के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अब स्थायी लोहे की जालियां लगाई जाएंगी ताकि फ्लोटिंग कूड़ा नदी में न पहुंचे। कुछ स्थानों पर जमा कचरे की सफाई के लिए नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि घाटों और पुलों के आसपास जागरूकता बोर्ड लगाए जाएं और अर्पण कलश की व्यवस्था हो, जिससे लोग पूजन सामग्री या फूल-मालाएं नदी में न डालें। निरीक्षण के दौरान नगर निगम टीम ने गंदगी फैलाने पर ₹16,800 का चालान भी किया और नागरिकों को चेताया कि नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरव कुमार ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। घाटों की सफाई, प्रकाश, वैरिकेटिंग, चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था समय से पूरी कराई जाएगी ताकि श्रद्धालु स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।

Check Also

केंद्रीय बजट विकसित भारत 2047 की दिशा में सशक्त कदम: रोहित अग्रवाल

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष (व्यापार) रोहित अग्रवाल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES