Breaking News

झांसी सर्किट हाउस में 5 सुइट व 10 बेड डॉरमेट्री की सौगात, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम झांसी प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में नव विकसित सुविधाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने बटन दबाकर पांच आधुनिक सुइट और 10 बेड की डॉरमेट्री जनता को समर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों से विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
अधिकारियों के अनुसार सर्किट हाउस में तैयार किए गए पांच सुइट वीवीआईपी और वीआईपी अतिथियों के ठहरने के लिए बनाए गए हैं। वहीं 10 बेड की डॉरमेट्री कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है। नई व्यवस्थाओं से यहां आने वाले विशिष्ट अतिथियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और रखरखाव की व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। साथ ही विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। सर्किट हाउस पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, महापौर बिहारी लाल आर्य, विधायक राजीव सिंह, विधायक रवि शर्मा, उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सर्किट हाउस परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया। नई सुविधाओं के शुभारंभ से झांसी सर्किट हाउस की आवासीय क्षमता और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है।

Check Also

ग्रामीण आजीविका मिशन के नवचयनित प्रबंधकों को मिला नेतृत्व का पाठ, सात दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES