Breaking News

लखनऊ अग्निकांड पर Dy.CM ने जताया गहरा शोक, अनिल दुबे ने दोषियों की जवाबदेही तय करने की उठाई मांग

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में हुई जनहानि और छात्रों की असामयिक मौतों को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अलीगंज, लखनऊ में हुई दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में जनहानि अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि उनकी गहन संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। श्री मौर्य ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
वहीं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने इस घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि निर्दोष छात्रों की असामयिक मृत्यु का समाचार पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में राष्ट्रीय लोकदल शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है।
श्री दुबे ने केवल शोक व्यक्त करने तक ही बात सीमित न रखते हुए प्रशासन से इस हादसे की जवाबदेही तय करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अग्निकांड की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। जांच के माध्यम से आग लगने के वास्तविक कारणों, भवन निर्माण संबंधी खामियों तथा सुरक्षा प्रबंधन में हुई संभावित लापरवाहियों को सामने लाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *