– अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर सीएम ने उत्तर प्रदेश के विकास की कहानी साझा की।
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर उत्तर प्रदेश के बढ़ते निर्यात और भदोही के कालीन उद्योग की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए प्रदेश के विकास की तस्वीर साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश का निर्यात लगभग 2.27 गुना बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य है और इसमें भदोही के कालीन का महत्वपूर्ण योगदान है।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि भदोही का हुनर पहले अपनी राह तलाशता था, लेकिन अब सरकार उसके लिए विकास, बाजार और अवसर के नए द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि जिन कारीगरों के हाथों ने भदोही के कालीन को दुनिया तक पहुंचाया, उनका हुनर अब वैश्विक बाजार से जुड़ रहा है। भदोही का हस्तनिर्मित कालीन अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। भदोही देश के प्रमुख कालीन निर्यात केंद्रों में शामिल है।
मुख्यमंत्री आज एशिया के बड़े अंतरराष्ट्रीय हस्तनिर्मित कालीन व्यापार मेलों में शामिल ‘इंडिया कारपेट एक्सपो’ के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वह कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं और उद्यमियों से संवाद करेंगे। इंडिया कारपेट एक्सपो अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारतीय कालीन निर्माताओं व निर्यातकों को कारोबारी मंच उपलब्ध कराता है।
इस अवसर पर भदोही, औराई और ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किए जाने की जानकारी दी गई है। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कारीगर के हाथ को सम्मान, उद्यम को विस्तार, युवाओं को रोजगार और भदोही को समृद्धि देना सरकार की प्राथमिकता है।