वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) का लखनऊ क्षेत्रीय परिसर राष्ट्रीय सुरक्षा, पुलिसिंग और आंतरिक सुरक्षा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय महत्व के इस संस्थान का उद्देश्य सुरक्षा और कानून प्रवर्तन से जुड़े क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण प्रदान करना है। गुजरात के गांधीनगर स्थित मुख्यालय के साथ विश्वविद्यालय देशभर में अपने विभिन्न क्षेत्रीय परिसरों के माध्यम से सुरक्षा शिक्षा के नए मानक स्थापित कर रहा है।
राजधानी लखनऊ में स्थित आरआरयू का क्षेत्रीय कैंपस उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। यहां छात्रों को पुलिस मुख्यालय, न्यायिक संस्थानों और प्रशासनिक निकायों से प्रत्यक्ष जुड़ाव का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। वर्तमान में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती प्रक्रिया के बीच यह संस्थान युवाओं के लिए पुलिस और सुरक्षा सेवाओं में करियर निर्माण का सशक्त माध्यम बनकर सामने आया है।
आरआरयू का 60-40 शैक्षणिक मॉडल इसकी सबसे बड़ी विशेषता है, जिसमें 60 प्रतिशत सैद्धांतिक अध्ययन और 40 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर दिया जाता है। विश्वविद्यालय में सुरक्षा प्रबंधन, पुलिस प्रशासन, रणनीतिक प्रबंधन, डिजिटल फॉरेंसिक, आपदा प्रबंधन, राष्ट्रीय सुरक्षा, खेल शिक्षा तथा पुलिस प्रशासन से जुड़े स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
लखनऊ कैंपस ने उत्तर प्रदेश पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं तथा कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाओं के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे प्रशिक्षण, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा मिली है। साथ ही यह परिसर प्रदेश की सभी पुलिस प्रशिक्षण अकादमियों से भी संबद्ध है। विश्वविद्यालय के हालिया दीक्षांत समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों को 36 हजार से अधिक डिग्रियां प्रदान की गईं। राष्ट्रीय सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया गया।
वर्तमान में डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के लॉ कैंपस में संचालित आरआरयू लखनऊ में प्रवेश प्रक्रिया खुली हुई है। सुरक्षा, पुलिसिंग, खेल और राष्ट्रीय सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह संस्थान भविष्य की संभावनाओं का मजबूत मंच बनकर उभर रहा है।