Breaking News

शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का सत्याग्रह समाप्त, अजय राय ने दिया समर्थन

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जनपद देवरिया के सुरौली गांव निवासी स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया की ओमान तट पर अमेरिकी सैन्य हमले में हुई मृत्यु के मामले में उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा न्याय सत्याग्रह सोमवार को समाप्त हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने देवरिया पहुंचकर स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित की और धरनास्थल पर मौजूद लोगों से मुलाकात कर परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा यह सत्याग्रह 19 जून से देवरिया के सुभाष चौक पर चलाया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस दुखद घटना के बाद केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन ने भी अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई। इसी के विरोध में कांग्रेसजन लगातार धरने पर बैठे हुए थे। धरने के माध्यम से कांग्रेस ने स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया के परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, बच्चों की निशुल्क शिक्षा, उन्हें शहीद का दर्जा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग उठाई। अजय राय ने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं बल्कि उन सभी भारतीय कामगारों के सम्मान और सुरक्षा का प्रश्न है, जो विदेशों में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार का दायित्व है कि वह पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी हो। लेकिन इस मामले में केंद्र और प्रदेश सरकार का रवैया निराशाजनक और संवेदनहीन दिखाई दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वर्गीय शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाती रहेगी। इसके बाद उनके आश्वासन पर न्याय सत्याग्रह समाप्त कर दिया गया।

Check Also

गोशालाओं से बदलेगी गांवों की तस्वीर, पंचगव्य क्लस्टर से तीन लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गो संरक्षण को ग्रामीण रोजगार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES