Breaking News

आरक्षण दिवस पर लखनऊ में होगा भागीदारी न्याय महासम्मेलन, कांग्रेस ने शुरू की तैयारियां

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। सामाजिक न्याय, शिक्षा सुधार और शोषित-वंचित वर्गों के आरक्षण की मजबूत नींव रखने वाले राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती को कांग्रेस पार्टी इस वर्ष “आरक्षण दिवस” के रूप में मनाएगी। 25 जून को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अनुसूचित जाति (एससी) विभाग और पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “भागीदारी न्याय महासम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में पदयात्राएं निकालकर सामाजिक न्याय और भागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया, ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, शालिनी सिंह, जितेंद्र पटेल और अनूप वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। नेताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की। महासम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, सांसद राकेश राठौर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद रवि वर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज का जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा और आरक्षण के माध्यम से वंचित वर्गों को सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चुनौतियां खड़ी हो रही हैं, जिन पर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व समाज के सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व और अवसर दिलाने के पक्ष में लगातार संघर्ष कर रहा है। महासम्मेलन में सामाजिक न्याय, आरक्षण, युवाओं के रोजगार, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन किया जाएगा। सम्मेलन के माध्यम से कांग्रेस सामाजिक समरसता, भाईचारे और समान भागीदारी के अपने संकल्प को दोहराएगी।

Check Also

विरासत को बनाइए कमाई का जरिया, यूपी में पब्लिक म्यूजियम खोलने पर मिलेगी आकर्षक सब्सिडी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES