वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार देने का अभियान लगातार जारी है। अब तक 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। मंगलवार सुबह 2500 और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री सोमवार को मेरठ में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा हर क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को पहचानकर अपने करियर का चयन करें। तकनीक से भागने के बजाय उसे अपने अनुरूप ढालें और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में अवसर तलाशें। उन्होंने युवाओं से पिछली सरकारों के कार्यों से वर्तमान व्यवस्था की तुलना कर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। उनके अनुसार 2017 के बाद दंगा, कर्फ्यू, पलायन और चोरी के वाहनों के कटने जैसी समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि कभी दूसरे जिलों से चोरी हुए वाहन मेरठ में काटे जाते थे, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई के बाद यह कारोबार बंद हुआ। मेरठ को एक्सप्रेसवे और नमो भारत रैपिड रेल जैसी सुविधाओं से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। ओडीओपी और एमएसएमई के माध्यम से रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। सरकार ने गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर भी प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करने और देश की विरासत, पूर्वजों व राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सुभारती विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।