वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और गठबंधन पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि सपा 2027 में बड़ी जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी और कांग्रेस के साथ गठबंधन जारी रहेगा। पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर प्रदेश को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग आज प्रदेश को बांटने की बात कर रहे हैं, वे आगे देश को भी बांटने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सपा का उद्देश्य देश और प्रदेश को मजबूत करना है। भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर भी उन्होंने आरोप लगाए। सरकारी भर्तियों और आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि सपा ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पेपर लीक और आउटसोर्सिंग को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर महिलाओं को हर वर्ष 40 हजार रुपये और स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा पहले भी की गई है। अखिलेश ने गायों की देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था करने की बात भी कही।
अखिलेश ने कहा कि पार्टी ने आरक्षित विधानसभा सीटों पर चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में अधिकारियों की तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए और निर्वाचन आयोग से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
एआइएमआइएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की ओर से गठबंधन के प्रस्ताव पर अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का पहले से जो गठबंधन है, उसका स्वरूप वही रहेगा। हालिया रिपोर्टों के अनुसार सपा और कांग्रेस दोनों 2027 के लिए तैयारी कर रहे हैं, हालांकि सीट बंटवारे को लेकर अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है।