वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और लंबित मांगों के त्वरित निस्तारण की मांग को लेकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मियों ने सोमवार को देशव्यापी एक्स (ट्विटर) अभियान चलाया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर चलाए गए अभियान में बैंककर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया। फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव के अनुसार अभियान के दौरान पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग एक्स पर ट्रेंड करती रही।
लखनऊ में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंककर्मियों ने ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन के इंदिरा नगर स्थित कार्यालय में वार रूम बनाकर अभियान में भाग लिया। कॉमरेड संदीप सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान में बैंक यूनियनों के पदाधिकारियों और बैंक नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग उठाई।
मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि बैंक संगठनों की ओर से आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। 22 सितंबर को बैंककर्मी काला बैज धारण करेंगे और स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर राज्यस्तरीय धरना व प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 25 सितंबर को एसबीआइ की मुख्य शाखा पर प्रदर्शन और रैली प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि मांगों के समर्थन में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। बैंक संगठनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के साथ लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की है। अभियान में बैंककर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की।