Breaking News

भारतीय कृषक दल ने यूपी विधानसभा चुनाव का किया शंखनाद, पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय कृषक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरोज दीक्षित एडवोकेट ने यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में प्रेसवार्ता कर विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। इस दौरान पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। शाहजहांपुर की कटरा सीट से राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रमोद यादव ‘जनसेवक’, हरदोई सदर से विधि प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजप्रकाश सिंह चौहान एडवोकेट, अयोध्या सदर से रामचंद्र सिंह, मथुरा सदर से रामसूरति कुशवाहा और फर्रुखाबाद सदर से सुरेश राठौर को प्रत्याशी बनाया गया।
प्रेसवार्ता में सरोज दीक्षित ने कहा कि आने वाला समय परिवर्तन का समय है। उन्होंने कहा कि पार्टी जाति, धर्म, संप्रदाय और अगड़े-पिछड़े के नाम पर जनता को भ्रमित करने के खिलाफ है और किसी नागरिक का शोषण व उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि किसान, मजदूर, छात्र, युवा, व्यापारी और कर्मचारी पार्टी को प्रदेश में विकल्प के रूप में देख रहे हैं। दीक्षित ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, चिकित्सा और न्याय व्यवस्था निशुल्क उपलब्ध कराने तथा युवाओं को रोजगार देने के साथ किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के उत्थान के लिए नीतियां लागू की जाएंगी। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के ऋण माफ करने की भी मांग उठाई।
राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव ने जातीय एवं सांप्रदायिक भेदभाव बढ़ने का आरोप लगाते हुए शिक्षा, रोजगार, न्याय, महंगाई और किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। राजप्रकाश चौहान ने पार्टी को जनता की भावनाओं के अनुरूप काम करने वाला विकल्प बताया। प्रेसवार्ता में डॉ. एसके तिवारी, गिरिराज सिंह कंडेरिया, लखनऊ जिला अध्यक्ष शालिनी शुक्ला, जयपाल सिंह और प्रमोद कुमार यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

सत्यनिष्ठा से समृद्धि का संकल्प, सीबीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

– क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *