वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सच्ची जीत लोक से होती है, तंत्र से नहीं। जिस जीत के पीछे छल होता, वो दिखावटी जीत एक छलावा होती है, जो सबसे ज्यादा उसी को छलती है, जिसने छल करके जीत का नाटक रचा है। कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में दो तरह की मतदाता पर्चियां बांटी गई। एक मतदाता सूचना पर्ची सामान्य किस्म की थी जबकि दूसरी पर्ची लाल लाइन से घिरी हुई थी, इसमें पहले मतदान, फिर जलपान की भी हिदायत थी। लोकतंत्र की यह कलंक कथा किसी को भी शर्मसार कर सकती है।
श्री यादव आज एक प्रेस वार्ता में बोल रहे थे कि ऐसी जीत जीतने वालों को कमजोर करती है। नैतिक रूप से उनके जमीर को मार देती है। बिना जमीर के जीने वाले अंदर से खोखले होते हैं। ऐसे लोग सबके सामने अपने को ताकतवर दिखाने की कोशिश करते हैं लेकिन अकेले में आईने में अपना मुंह देखने से भी डरते हैं। श्री यादव ने कहा कि भाजपा का हारने का डर तो उसी दिन साबित हो गया था, जिस दिन उसने पीडीए के अधिकारियों/ कर्मचारियों को चुनाव से हटा दिया था। जिससे इनके अपने लोग वहां सेट किए जा सकें और धांधली की गवाही देने वाला कोई न हो। हमने तो भाजपा की बदनीयत को समझ कर तब ही विरोध किया थाए लेकिन जब शासन/ प्रशासन ही दुशासन बन जाए तो लोकतंत्र के चीर हरण को कौन रोक सकता है।
श्री यादव ने कहा कि जिनकी उंगलियों पर निशान नहीं है, उनके भी वोट डाले गये हैं। चुनाव आयोग अपने दस्तावेजों में देखे कि जिनका नाम दर्ज है वो बूथ तक पहुंचे भी या नहीं। सब दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। अगर ईवीएम की कोई फोरेंसिक जांच संभव हो तो बटन दबाने के पैटर्न से ही पता चल जाएगा कि एक ही उंगली से कितनी बार बटन दबाया गया।
श्री यादव ने कहा कि ये नये जमाने की इलेक्ट्रॉनिक बूथ कैप्चरिंग का मामला है। जो कोर्ट की निगरानी में होने वाली मतगणना में कैमरे के सामने हेराफेरी कर सकते हैं, वो अपने लोगों के बीच बूथ के बंद कमरे में क्या नहीं कर सकते। अगर पीडीए के अधिकारीण्कर्मचारी बदलकर धांधली न की होती तो भाजपा एक भी सीट के लिए तरस जाती, जैसे कि लोकसभा चुनाव में हुआ था। जब ऐसी व्यवस्था मिल्कीपुर अयोध्या में नहीं हो पाई तो वहां का चुनाव ही टाल दिया। भाजपा संविधान से लेकर आरक्षण तक सबको खत्म करने पर उतारू हैए ऐसे में भला उसे वोट कौन देगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के दिन जब निहत्थों पर बंदूक तानी गयी तो भाजपा की कमजोरी सारी दुनिया के सामने आ गयी। एक साहसी महिला ने जिस समय अपने वोट देने के अधिकार का कागज बंदूक के सामने तान दिया थाए भाजपा उसी समय हमेशा के लिए हार गयी थी। लोकतंत्र में ऐसा तमाचा आज तक किसी ने नहीं मारा, जिसकी गूंज भाजपाइयों को रात में सोने नहीं देगी। सत्ता की भूख ने तो भाजपा को पहले ही बीमार बना दिया था अब तो वो सो भी नहीं पायेगी। हमें तो भाजपा के लोगों पर अब तरस आता हैए लेकिन जनता कह रही है ये वो लोग नहीं है जिन पर तरस किया जाए।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सोच रही है कि इन परिणामों से पीडीए हताश होगा तो वो गलत सोच रही है। अन्याय और उत्पीड़न लोगों को तोड़ता नहीं जोड़ता है। श्री यादव ने कहा कि सच तो ये है कि भाजपा को 5 प्रतिशत लोग भी वोट नहीं दे रहे हैं। इनकी जीत में वोट की कोई भूमिका है ही नहीं। ये तंत्र की हेराफेरी से जीतने वाले लोग हैं।
