Breaking News

ग्रीन रन : 1500 प्रतिभागियों की दौड़

– दौड़ में 172 जोड़े भी हुए शामिल
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ कमल वर्मा
लखनऊ। स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता का अनोखा संगम रविवार को देखने को मिला, जब लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से ‘ग्रीन रन’ का आयोजन किया गया। 3.5 किलोमीटर लंबी इस फन रेस में करीब 1500 लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। झूलेलाल वाटिका से न्यू डालीगंज ब्रिज तक बने ग्रीन कॉरिडोर पर आयोजित इस दौड़ में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक, हर वर्ग के प्रतिभागी शामिल हुए।
लखनऊ में बारिश की वजह से मौसम सुहाना रहा। इससे दौड़ में शामिल लोगों को काफी आनंद आया।रेस की खास बात यह रही कि इसमें 172 जोड़ों ने भी भागीदारी की, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया। प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में बांटा गया था, जिसमें 18 से 30 वर्ष, 30 से 50 वर्ष और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के साथ युगल श्रेणी भी शामिल रही। दौड़ के दौरान मूविंग डीजे आकर्षण का केंद्र बना रहा। आगे चल रहे डीजे की धुनों पर प्रतिभागी झूमते और थिरकते नजर आए, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा बन गया। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने भी रेस में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत झूलेलाल वाटिका में योग और जुम्बा सत्र के साथ हुई, जिसके बाद फ्लैग ऑफ कर दौड़ शुरू कराई गई। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए मार्ग में चार स्थानों पर हाइड्रेशन प्वाइंट बनाए गए थे, जहां पेयजल की व्यवस्था की गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस भी तैनात रहीं।
रेस के समापन पर विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

Check Also

सूर्य घर योजना से ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश, लाखों परिवारों को मिल रही राहत

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES