Breaking News

STF : अन्तर्राज्यीय अफीम तस्करी के 06 तस्कर 4.131 किलो अफीम समेत गिरफ्तार

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
बरेली। उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अन्तर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय अवैध मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को 4.131 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तारी 25 अक्टूबर की रात 8:57 बजे थाना कैण्ट क्षेत्र, बरेली में कैण्ट से बरेली जंक्शन जाने वाले मार्ग पर विजय द्वार से 50 मीटर आगे से की गई। पकड़े गए अभियुक्तों में बरेली और झारखंड के रहने वाले तेजराम, अंकित सिंह, शेर सिंह, चंदन यादव, मंटू कुमार और राजकुमार उर्फ देवांश वर्मा शामिल हैं। इनके कब्जे से 4.131 किलो अफीम, दो कारें (आई10 व मारुति फ्रोंक्स), छह मोबाइल फोन और 4340 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
बताते चलें कि एसटीएफ को पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अफीम की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की सूचना मिल रही थी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ बरेली श्री अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पूछताछ में चंदन यादव ने बताया कि वह और मंटू कुमार झारखंड के हजारीबाग और चतरा जिले से रांची निवासी सुदेश यादव से अफीम लाकर बरेली में सप्लाई करते हैं। भुगतान सीधे सुदेश यादव के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किया जाता था। वहीं शेर सिंह और तेजराम ने बताया कि वे इस अफीम को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और बरेली में स्थानीय स्तर पर बेचते थे।
अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कैण्ट, जनपद बरेली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से अन्तर्राज्यीय स्तर पर फैले अफीम तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Check Also

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने खेली होली, बोले- समरसता और राष्ट्रभक्ति ही हमारी ताकत

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारगोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री गोरखनाथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES