– बिहार और पूर्वांचल के 30 स्टेशनों पर बने होल्डिंग एरिया
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। छठ महापर्व के समापन के बाद बिहार और पूर्वांचल से बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यस्थलों और गंतव्यों के लिए यात्रियों की इस भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यात्रा को सुरक्षित, सहज और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। बिहार और आसपास के राज्यों के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
इनमें बिहार के पटना, दानापुर, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा, जयनगर, बरौनी, हाजीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, सकरी, मधुबनी, बापूधाम मोतिहारी, रक्सौल, समस्तीपुर, भागलपुर, जसीडीह, जमालपुर, कटिहार, जोगबनी, फारबिसगंज, पूर्णिया, किशनगंज, बारसोई, छपरा, सीवान तथा उत्तर प्रदेश के पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गोरखपुर, बनारस और बलिया सहित कुल 30 स्टेशन शामिल हैं। देश के अन्य राज्यों में भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
रेलवे का उद्देश्य स्टेशन पर समय से पहले पहुंचने वाले यात्रियों को सुव्यवस्थित रूप से ठहराना और ट्रेन के समय उन्हें कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाना है, ताकि किसी भी तरह की अफरा-तफरी से बचा जा सके। इन होल्डिंग एरिया में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पंखे, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, पूछताछ केंद्र, टिकटिंग काउंटर, रियल टाइम ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड और चिकित्सा सहायता बूथ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कई स्थानों पर छठ गीतों की मधुर धुनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों को लोक पर्व की भावना से जोड़े रखने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ स्टेशनों पर एनजीओ और रेलवे के सहयोग से भोजन एवं पेयजल वितरण भी किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे, अतिरिक्त बलों की तैनाती और हीट मैपिंग तकनीक के जरिए भीड़ पर निगरानी की जा रही है। छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर रेलवे की व्यवस्थाओं से यात्री संतुष्ट नजर आ रहे हैं।