Breaking News

यूपी में टूरिज़म बूम, टाटा समूह के ताज, विवांता और सेलेक्शंस ब्रांड के होटल्स के बड़े विस्तार की तैयारी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वैश्विक और घरेलू पर्यटन के तेज़ी से बढ़ते दायरे को देखते हुए हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़े निवेश की संभावनाएं साकार होती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में टाटा समूह के चेयरपर्सन एन. चंद्रशेखरन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई बैठक में प्रदेश में समूह की होटल श्रृंखला के विस्तार का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यटक आगमन, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार तथा बेहतर कनेक्टिविटी के कारण उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनकर उभरा है।
बैठक के दौरान एन. चंद्रशेखरन ने जानकारी दी कि टाटा समूह के ताज, विवांता और सेलेक्शंस जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के करीब 30 होटल्स का निर्माण कार्य प्रदेश में विभिन्न चरणों में चल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष इन परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और साथ ही आगामी चरण में 30 नए होटल्स के निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इससे प्रदेश में लक्जरी होटल कमरों की संख्या लगभग 2,000 से बढ़कर 5,000 तक पहुंचने की उम्मीद है।
इन प्रस्तावित और निर्माणाधीन होटल्स को प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, वृंदावन, आगरा, कानपुर, लखनऊ, बिजनौर और गोरखपुर जैसे प्रमुख और उभरते पर्यटन केंद्रों में विकसित किया जाएगा। ये सभी स्थान धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन के लिहाज से तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।
एन. चंद्रशेखरन ने बताया कि नोएडा में टाटा समूह एक सिग्नेचर लैंडमार्क होटल विकसित कर रहा है, जबकि प्रयागराज में एक लक्जरी ताज होटल का निर्माण भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान बनाई है। टाटा समूह की यह भागीदारी प्रदेश को देश के प्रमुख पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।

Check Also

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को मूडीज़ से “बहुत अच्छी संवहनीयता गुणवत्ता” रेटिंग

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को संवहनीय वित्तपोषण के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES