Breaking News

120 साल की विरासत के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी बढ़ाएगा इंडियन बैंक

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
चेन्नई। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस और इंडियन बैंक के 120वें स्थापना दिवस के अवसर पर बैंक की ओर से देशभर में विभिन्न स्मरणीय, कर्मचारी सहभागिता और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से बैंक ने राष्ट्र निर्माण, वित्तीय समावेशन और समावेशी विकास के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई।
राजाजी सालै स्थित पंजीकृत प्रधान कार्यालय और रॉयपेट्टा स्थित कॉरपोरेट कार्यालय में बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिनोद कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों के साहस व बलिदान को नमन करते हुए कहा कि 120 वर्षों से इंडियन बैंक देश की आर्थिक और सामाजिक विकास यात्रा का अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने वित्तीय समावेशन को मजबूत करने, समुदायों को सशक्त बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सार्थक योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई। सामुदायिक पहल के तहत राष्ट्रीय स्तर की पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक जीत चुकी महिला खिलाड़ी को उनकी गतिशीलता और खेल गतिविधियों में सहयोग के लिए ई-बाइक प्रदान की गई। वहीं स्थापना दिवस के अवसर पर होटल लीला पैलेस से इंडियन बैंक एकेडमी फॉर ग्रोथ एंड एक्सीलेंस, एमआरसी नगर तक वॉकाथॉन आयोजित हुआ। इसमें बैंक के वरिष्ठ प्रबंधन और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैंक की पहुंच बढ़ाने के क्रम में देश के विभिन्न हिस्सों में 15 नई शाखाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। इसके साथ ग्राहक केंद्रित डिजिटल उत्पाद भी पेश किए गए। साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बैंक ने ‘आई बी साइबर कैप्टन’ नामक साइबर सुरक्षा जागरूकता शुभंकर भी लॉन्च किया।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक आशुतोष चौधरी, शिव बजरंग सिंह और मिनी टीएम सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी व उनके परिवारजन मौजूद रहे। समारोहों में बैंक की 120 वर्षों की सेवा यात्रा को याद करते हुए सुलभ बैंकिंग, वित्तीय समावेशन और सतत विकास के प्रति संकल्प दोहराया गया।

Check Also

होंडा की रफ्तार बरकरार, वित्त वर्ष 2026 में 63.69 लाख यूनिट बिक्री के साथ 9% वृद्धि

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने वित्त वर्ष …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES