Breaking News

समाजवादी पार्टी हमेशा से महिलाओं के हक और उनके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही : अखिलेश यादव

– जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तभी समाज और देश प्रगति करेगा: सांसद डिंपल यादव
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के तत्वावधान में राजधानी लखनऊ में 23 मार्च को समाजवादी महिला सभा द्वारा भव्य अजया महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद श्रीमती डिंपल यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना था।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आधी आबादी को प्रोत्साहित करते हुए सफल आयोजन के लिए महिला सभा को बधाई देते हुए उनके साथियों की सराहना किया। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किस बात पर बहस छिड़ जाए कोई नहीं जानता। चार सौ-पांच सौ साल पुराने इतिहास पर इसलिए चर्चा की जा रही है जिससे बुनियादी सवाल से ध्यान हटाया जा सके। भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा को लेकर समाज में जो भी कदम उठेगा भारत में नारी का नाम ही उसमें आगे आएगा। श्री यादव ने अमेरिका में राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी रहीं हिलेरी क्लिंटन की आत्मकथा का उल्लेख करते हुए अमेरिका में रेड इंडियन की मनोभावना की चर्चा की और कहा कि हमारे देश में भी वंचित वर्ग उन्हीं परिस्थितियों से गुजर रहा है। अमेरिका में भी रेड इंडियन के साथ शिक्षा के नाम पर भेदभाव होता था। यही स्थिति हमारे यहां भी लंबे समय से चल रही थी।
श्री यादव ने कहा कि सावित्री बाई फुले और फातिमा शेख ने महिलाओं की शिक्षा के क्षेत्र में जो सुधार का प्रयास किया था उसका असर यह है कि महिलाएं सभी क्षेत्रों में बराबरी पर कदमताल कर रही हैं। समाजवादी सरकार में सबसे अधिक लैपटॉप महिलाओं को ही मिला था। उस समय शुरू की गई 1090 वूमेन पावर हेल्प लाइन मॉडल को राजस्थान सहित अन्य राज्यों में अपनाने की चर्चा हाल ही में टाईम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में की है। भाजपा सरकार ने कई बार 1090 चैराहे का नाम बदलना चाहा लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। लखनऊ और बलिया में महिला उत्पीड़न की घटनाएं यह दर्शाती है कि भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह फेल है। सरकार के गृह मंत्रालय का आंकड़ा है कि यूपी महिलाओं परे अत्याचार की घटनाओं में नंबर एक है।
श्री यादव ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की प्रगति अधूरी है। हमें हर क्षेत्र में महिलाओं को समान अवसर और सुरक्षा प्रदान करनी होगी। समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्षरत रही है। समाजवादी सरकार में कई कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया था 55 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन दी गई थी। डायल 100, वीमेन पावर लाइन 1090, लैपटॉप योजना, रानी लक्ष्मी बाई वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने का काम किया गया और आगे भी सरकार बनने पर करेंगे।
सांसद डिंपल यादव ने भी महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति और सामाजिक क्षेत्रों में महिलाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की जरूरत है। जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तभी समाज और देश प्रगति करेगा। आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन उन्हें और अधिक अवसर और सुरक्षा देने की आवश्यकता है। हमें ऐसा समाज बनाना होगा जहां महिलाएं बिना डर के अपने सपनों को साकार कर सकें।
समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती जूही सिंह ने महिला सम्मान समारोह में आगत सभी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से महिलाओं के हक और उनके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनके उत्थान के लिए कार्य करती रहेगी। समारोह में उन्होंने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, प्रशासन, समाज सेवा और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, समाजसेवियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
अखिलेश यादव और डिंपल यादव ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी महिला सभा की पदाधिकारियों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए आयोजक राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला सभा जूही सिंह, उपाध्यक्ष नेहा यादव, उपाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनीता मिश्रा, जाह्नवी राष्ट्रीय सचिव, डॉ. सरोज, सुमैया राणा, कांति सिंह को सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में भाव्य कपूर, डॉ. अनीता रंजन, आक्षी मेहता, डॉ. सानिया, रश्मि पांडेय, सुमन कठहरिया, श्रीमती विमला, रूपाली, इति कपूर, फरीदा जलील, मन्ना निषाद, डॉ प्रज्ञा पांडेय, सुरभि श्रीवास्तव, शीला यादव, ममता शर्मा, आरुषि त्रिपाठी, रामा अरुण त्रिवेदी, देवांशी सेठ डोली सूरी, अनीता सिंह रावत, भावना षुक्ला, विधायक नसीम सोलंकी, पूर्व विधायक गजला लारी एवं पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला रहीं। डॉयल 100 में कार्य कर चुकी प्रतीक्षाप्रिय तिवारी, आकांक्षा, रोमा रावत, आरती को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की आयोजक समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनीता मिश्रा, पल्लवी पाल, रचना सिंह, ज्योति मैसी, जाह्नवी सिंह यादव, आस्था पटेल, काजमीन जहाँ, डॉ. सरोज यादव, सोनी चैधरी, सुनीता सिंह, कमलजीत कौर, सौर्य सिंह, प्रेमलता यादव, सुमैया राणा आदि ने महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य किया।
आयोजन में सर्वश्री राजेंद्र चैधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व कुलपति लखनऊ विश्वविद्यालय प्रो0 रूपरेखा वर्मा के अतिरिक्त विधायक अनिल प्रधान, शशांक यादव पूर्व एमएलसी, फखरूल हसन चांद प्रवक्ता, रीबू श्रीवास्तव प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी महिला सभा, मणेन्द्र मिश्र राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी शिक्षक सभा, दीपक रंजन प्रवक्ता, पूर्व प्रत्याशी मलिहाबाद सोनू कन्नौजिया की उपस्थिति रही।

Check Also

भाजपा ने 8 साल में उत्तर प्रदेश को जंगल राज में तब्दील कर दिया, मुख्यमंत्री जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते: अखिलेश यादव

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। भाजपा सरकार ने 8 साल में उत्तर प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES
  • World N/A
    World
    Confirmed: N/A
    Active: N/A
    Recovered: N/A
    Death: N/A
  • World N/A
    World
    Confirmed: N/A
    Active: N/A
    Recovered: N/A
    Death: N/A