वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही प्रदेश में 19 और 20 अक्टूबर को लगातार दो दिन सरकारी अवकाश रहेगा। प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन एसवीएस रंगा राव ने शुक्रवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया।
शासनादेश के अनुसार, पूर्व में जारी अवकाश सूची में संशोधन करते हुए महानवमी के लिए 19 अक्टूबर को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के अनुपालन के लिए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, उच्च न्यायालय, बैंकों और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, पहले 20 अक्टूबर को महानवमी और विजयादशमी का अवकाश निर्धारित था। तिथियों के अनुसार महानवमी का पर्व 19 अक्टूबर को पड़ने के कारण सरकार ने अवकाश सूची में बदलाव किया है। अब महानवमी और विजयादशमी के अवसर पर लगातार दो दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी कार्यालयों और संबंधित संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त अवकाश मिलेगा। इससे लोगों को पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठानों और पारिवारिक आयोजनों में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा।
शासनादेश में संबंधित अधिकारियों को संशोधित अवकाश व्यवस्था की जानकारी सभी संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने और आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।