वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। गली के धूल भरे मैदान में क्रिकेट खेलने और देश के लिए कुछ कर गुजरने का सपना देखने वाले बच्चों की कहानी अब छोटे पर्दे पर नजर आएगी। ग्रीन गोल्ड एनिमेशन की नई एनिमेटेड सीरीज ‘खेल खेल में’ के जरिए छोटा भीम तीन युवा क्रिकेटरों के सपनों, संघर्ष और भारत की विकास यात्रा से दर्शकों को रूबरू कराएगा। इस सीरीज का प्रसारण दूरदर्शन नेशनल पर 29 नवंबर से शुरू होगा।
सीरीज की कहानी बहादुरगढ़ की गलियों से शुरू होती है, जहां निपुण, अपराजिता और तेजस क्रिकेट में अपना भविष्य बनाने का सपना देखते हैं। तीनों की परिस्थितियां और चुनौतियां अलग-अलग हैं। निपुण प्रतिभाशाली खिलाड़ी होने के बावजूद परिवार की अपेक्षाओं से जूझता है। वहीं, अपराजिता तेज गेंदबाज बनकर सामाजिक बाधाओं को चुनौती देना चाहती है। तेजस अपनी पारिवारिक खेल विरासत से अलग पहचान बनाने के लिए संघर्ष करता है। क्रिकेट अकादमी में तीनों की मुलाकात प्रतिद्वंद्विता को दोस्ती और टीमवर्क में बदल देती है। इस सफर में छोटा भीम मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है। वह बच्चों को साहस, ईमानदारी, दयालुता और सही फैसले लेने की सीख देता है। सीरीज में क्रिकेट के रोमांच के साथ भारत में हो रहे बदलावों को भी रोचक ढंग से दिखाया जाएगा। इसमें डिजिटल सेवाओं, आधुनिक कृषि, उद्यमिता, विज्ञान, नवाचार और नए बुनियादी ढांचे के जरिए बनते अवसरों को शामिल किया गया है। ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के संस्थापक एवं सीईओ राजीव चिलाका के मुताबिक, इस सीरीज का उद्देश्य मनोरंजन के साथ युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक योगदान की भावना विकसित करना है। उनके अनुसार, देश का प्रतिनिधित्व केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना भी है।
केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के लिए निर्मित इस सीरीज का प्रसारण 29 नवंबर को सुबह 10:30 बजे होगा। इसके कुल 26 एपिसोड होंगे। प्रत्येक रविवार दो नए एपिसोड प्रसारित किए जाएंगे। हर एपिसोड 11 मिनट का होगा।