वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से शुरू होगा। नमो घाट पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, भाषा, साहित्य और ज्ञान परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन समारोह में शामिल होंगे।
इस बार संगमम की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम’ यानी ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके माध्यम से संत कवि तिरुवल्लुवर की शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों और जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। तमिलनाडु से सात समूहों में 1750 प्रतिनिधियों के आने का प्रस्ताव है। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य होंगे। 29 नवंबर से 11 दिसंबर तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी बीएचयू में विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रतिनिधि अपने अनुभव और ज्ञान साझा करेंगे।
संगमम के तहत वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से जोड़ने की विशेष पहल भी होगी। इसके लिए तमिलनाडु से हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक आएंगे। वाराणसी में 20, प्रयागराज और अयोध्या में 15-15 शिक्षक विद्यार्थियों को इस ग्रंथ की विशेषताओं से परिचित कराएंगे। इससे करीब तीन हजार विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। देश के एक हजार शैक्षणिक संस्थानों तक भी तिरुक्कुरल का संदेश पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के लिए बीएचयू को प्रदेश का नोडल संस्थान बनाया गया है।
आयोजन को उत्सव का स्वरूप देने के लिए बीएचयू परिसर में लोक एवं शास्त्रीय संगीत, भजन, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, फोटोग्राफी और डिजिटल आर्ट जैसी गतिविधियां होंगी। इसके लिए 1500 से अधिक छात्र स्वयंसेवक लगाए गए हैं। संगमम के अतिथि वाराणसी के बाद प्रयागराज और अयोध्या जाकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीएचयू के भारत कला भवन से सीआईआई बनारस बिनाले-2026 का भी उद्घाटन करेंगे। कला, संस्कृति और विरासत पर केंद्रित यह आयोजन काशी को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच पर नई पहचान देगा।