वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग और राजभाषा नियमों के अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र, अलीगंज में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), लखनऊ की वर्ष 2026 की द्वितीय छमाही बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष तथा नराकास (कार्यालय-2) के अध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, गाजियाबाद के सहायक निदेशक अजय कुमार चौधरी मौजूद रहे।
बैठक में लखनऊ के करीब 40 सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों और प्रतिनिधियों सहित लगभग 85 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान नराकास की संयुक्त हिंदी पत्रिका ‘शंखनाद’ के दूसरे अंक और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राज्य इकाई उत्तर प्रदेश की हिंदी गृह पत्रिका ‘वसुंधरा’ के दूसरे अंक का विमोचन किया गया।
सदस्य सचिव ओम प्रकाश ने राजभाषा वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 की जानकारी देते हुए एक अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक की छमाही प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें हिंदी पत्राचार, टिप्पण लेखन, राजभाषा नियमों के अनुपालन, हिंदी कार्यशालाओं और समितियों की बैठकों के आयोजन तथा हिंदी पत्रिकाओं के प्रकाशन की समीक्षा की गई।
राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए 18 सदस्य कार्यालयों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जबकि इस अवधि में हिंदी गृह पत्रिका प्रकाशित करने वाले 11 कार्यालयों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि अजय कुमार चौधरी ने नराकास (कार्यालय-2), लखनऊ को अखिल भारतीय स्तर पर राजभाषा विभाग की ओर से सर्वश्रेष्ठ श्रेणी में सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कोलकाता में होने वाले संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन में भी प्रतिभागियों को आमंत्रित किया। अध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने सभी कार्यालयों से हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने और आपसी सहयोग से राजभाषा कार्यान्वयन को और प्रभावी बनाने की अपील की।