Breaking News

विपक्ष हर मुद्दे को केवल वोट बैंक के नजरिए से देखता है, चाहे किसान हों या दलित: सीएम योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्ष हर मुद्दे को केवल वोट बैंक के नजरिए से देखता है, चाहे वह किसान हों या दलित। इसी वजह से उनके हितों में कभी ठोस और स्थायी काम नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में किसानों को केवल चुनावी साधन के रूप में इस्तेमाल किया गया, जबकि उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में खेती को बाजार, तकनीक और इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने का मजबूत तंत्र तैयार किया गया है। एक्सप्रेस-वे, लॉजिस्टिक पार्क और बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों की उपज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रही है। स्टोरेज, प्रोसेसिंग सेंटर और कोल्ड चेन के विकास से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ा है। उन्होंने बताया कि 22 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सिंचाई सुविधा दी गई है और कृषि विकास दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में एमएसपी के साथ डीबीटी के माध्यम से भुगतान में उत्तर प्रदेश देश में अग्रणी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को सीधे खातों में सहायता दी गई है, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने गन्ना उत्पादन, एथेनॉल निर्माण और चीनी मिलों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि अब किसानों को समय पर भुगतान मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा, तकनीक और आधुनिक कृषि पद्धतियों से अन्नदाता को सशक्त बनाया जा रहा है। गोवंश संरक्षण, दुग्ध उत्पादन, मिलेट्स और मत्स्य पालन में हुई प्रगति से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है। उन्होंने दो टूक कहा कि अन्नदाता किसान हमारे लिए वोट नहीं, सम्मान का पात्र है।

Check Also

स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर ऊर्जा मंत्री की राहत का ऐलान, बैठक में उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा

वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। राजधानी के शक्ति भवन में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES