Breaking News
Oplus_131072

संत रविदास के नाम पर बनेगा विशाल भवन, स्थापित होगी भव्य प्रतिमा : केशव मौर्य

वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
मेरठ। संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनके आदर्श समाज को जोड़ने और भेदभाव मिटाने का संदेश देते हैं। यह बात उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा महासभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने मेरठ में संत रविदास के नाम पर विशाल भवन बनाने और उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।

Oplus_131072

केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संत रविदास के समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को व्यवहार में उतारने का प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को सम्मान, समान अवसर और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। संत-महापुरुषों के विचार सामाजिक एकता को मजबूत करने का मार्ग दिखाते हैं।
महिला सशक्तीकरण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। आबूलेन प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, उद्योग, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने संत-महात्माओं को सम्मानित किया और संत रविदास की चरण पादुका सिर पर धारण कर श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Check Also

गरीब बेटियों के विवाह के लिए सरकार दे रही 1.01 लाख रुपये की मदद : केशव मौर्य

– मूसानगर में सामूहिक विवाह समारोह में 51 नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, बोले- अंतिम व्यक्ति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *