वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। पारा के आदर्श विहार गदियाना में रविवार को पशु कल्याण विभाग की टीम पर अभियान के दौरान अचानक पथराव कर दिया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। पथराव में नगर निगम की चार सरकारी गाड़ियों के आगे के शीशे टूट गए, जबकि कई नगर निगम कर्मचारियों और बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी घायल हो गए। अभियान के दौरान टीम ने मौके से 18 भैंसों को पकड़ा।
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग के प्रभारी अवधेश कुमार के मुताबिक टीम पुलिस बल के साथ दोपहर करीब तीन बजे पशु पकड़ने का अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ घोसियों और कई अज्ञात लोगों ने टीम तथा सरकारी वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लगातार पत्थरबाजी में बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल के सिर में गंभीर चोट आई। इसके अलावा नगर निगम के कई कर्मचारियों को भी चोटें लगीं। हमले के दौरान चार सरकारी वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की तहरीर पर पथराव करने वाले आरोपितों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान बनाए गए वीडियो फुटेज की मदद से पथराव करने वाले अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने घटना के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।