वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनी उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग करेंगी। इन दीदियों को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 23 जनवरी को अपने कैंप कार्यालय 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ से हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना करेंगे।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की मिशन निदेशक श्रीमती दीपा रंजन ने बताया कि दिल्ली पहुंचने पर ये दीदियां परेड देखने से पूर्व भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी, जहां केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से उनकी भेंट होगी। इसके अलावा 27 जनवरी को अन्य राज्यों की लखपति दीदियों के साथ दिल्ली भ्रमण का कार्यक्रम भी निर्धारित है।
गणतंत्र दिवस परेड में उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह विचार रहा है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी राष्ट्रीय पर्व में देश की राजधानी में शामिल हो। उन्होंने दीदियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित दीदियों के आवागमन एवं ठहराव की सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अनुसार चयनित लखपति दीदियों में गोरखपुर, झांसी, बिजनौर, कौशांबी, अलीगढ़, चित्रकूट, इटावा, संभल, रायबरेली और देवरिया जनपदों की महिलाएं शामिल हैं, जिन्होंने ई-रिक्शा उद्यम, पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय, कैफे संचालन, कृषि, सौंदर्य प्रसाधन निर्माण और अन्य नवोन्मेषी गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।