– जल्द ही नगर निगम द्वारा “स्वच्छता जागरूकता रैली”
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में लखनऊ नगर निगम को देशभर में तीसरा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर बुधवार को नगर निगम के जोन-2 कार्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल का भव्य स्वागत किया गया और सफाई मित्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने सफाई मित्रों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और कहा, “लखनऊ की यह उपलब्धि सफाई मित्रों की कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है।” उन्होंने कहा कि नगर निगम, पार्षद और अधिकारी तो व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन स्वच्छता की असली मशाल हमारे सफाई मित्र हैं।
अपने संबोधन में महापौर ने सभी नागरिकों से स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा, “हमारा अगला लक्ष्य है देश में पहला स्थान प्राप्त करना। इसके लिए हमें हर नागरिक को स्वच्छता का भागीदार बनाना होगा।” उन्होंने बताया कि जल्द ही नगर निगम द्वारा “स्वच्छता जागरूकता रैली” तिरंगा यात्रा के रूप में आयोजित की जाएगी। समारोह में जोन-2 के सभी पार्षदगण और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महापौर का स्वागत माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस दौरान पार्षद ममता चौधरी, गौरी सवारियां, कौमुदी त्रिपाठी, राजीव वाजपेई, राहुल मिश्रा, संदीप शर्मा, राजू दीक्षित और अजय दीक्षित सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व पार्षद राजीव कृष्ण त्रिपाठी और राजू गांधी ने भी इस ऐतिहासिक क्षण पर महापौर को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, अधिशासी अभियंता उत्कर्ष राय और अन्य निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि भविष्य में लखनऊ को स्वच्छता में देश में नंबर एक बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।