– “कृषि नवाचार के 36 वर्ष
– कृषि विकास में शॉर्ट, मीडियम और लॉन्ग टर्म योजनाओं पर जोर
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (आईएसआरआई), रायबरेली रोड पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी और कृषि वैज्ञानिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपकार और आईएसआरआई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “विकसित कृषि – विकसित उत्तर प्रदेश@2047” विषयक संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा खाद्यान्न उत्पादक राज्य है, जहां केवल 11% कृषि योग्य भूमि से देश के 20% खाद्यान्न का उत्पादन हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इज़राइली तकनीक, प्राकृतिक खेती और एफपीओ जैसे मॉडल राज्य की कृषि प्रगति के प्रमुख आधार बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में वर्तमान में 4 कृषि विश्वविद्यालय कार्यरत हैं और 5वां विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही 89 कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को तकनीकी सहायता प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कृषि अनुसंधान को खेत तक पहुंचाने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि 2024-25 के खरीफ सीजन में राज्य ने 725 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। त्वरित मक्का कार्यक्रम के तहत 5 लाख हेक्टेयर भूमि पर मक्का का उत्पादन किया गया है। उन्होंने गौ आधारित प्राकृतिक खेती और मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत शोध परियोजनाओं की भी जानकारी दी। तकनीकी सत्र में प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र और आईसीएआर के उपमहानिदेशक डॉ. ए.के. सिंह की अध्यक्षता में बुंदेलखंड की कृषि संभावनाएं, प्राकृतिक खेती, एफपीओ की भूमिका और उद्यानिकी विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
युवा वैज्ञानिकों को राज्य स्तर पर किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिकों — डॉ. राजेन्द्र कुमार यादव (कानपुर), डॉ. राहुल कुमार सिंह (वाराणसी), डॉ. सुप्रिया (अयोध्या), डॉ. राजर्षि कुमार गौड़ (गोरखपुर), डॉ. अनुष्का पाण्डेय, डॉ. अंकुर त्रिपाठी, आलोक कुमार सिंह और अवधेश यादव को सम्मानित किया। साथ ही कृषि मंत्री ने उपकार के 5 कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।