Breaking News

लखनऊ पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, स्वागत में जगह-जगह बने मंच

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सोमवार को अयोध्या दौरे के सिलसिले में लखनऊ पहुंचे। उनके आगमन को लेकर लखनऊ से अयोध्या तक पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्वागत के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सुबह से ही जगह-जगह मंच लगाए गए थे, जहां कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

लखनऊ में समता मूलक चौक, पॉलिटेक्निक चौराहा, किसान पथ सहित कई स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के कारण कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जैसे ही पंकज चौधरी का काफिला बाराबंकी और अयोध्या की सीमा में प्रवेश किया, स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रमों का सिलसिला और तेज हो गया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह सायं अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।

Check Also

लखनऊ में इंडियन बोर्ड ऑफ योगा एण्ड नेचुरोपैथिक मेडिसीन ने मनाया शक्ति पूजन

– शक्ति पूजन के रूप में मनाया गया कन्या पूजन, दिए पठन-पाठन सामग्री के साथ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES