Breaking News

चेन स्नेचर ने ट्रैफिक सिपाही के चेहरे पर मारा पत्थर; घायल होकर भी दबोचा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। रक्षाबंधन पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने शुक्रवार को साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। मड़ियांव ढाल पर महिला से चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को उन्होंने दौड़ाकर पकड़ लिया। बचने के प्रयास में आरोपित ने सिपाही के चेहरे पर पत्थर से हमला कर दिया। नाक पर चोट लगने से रक्तस्राव होने लगा, लेकिन नवीन ने आरोपित को नहीं छोड़ा और उसे पकड़कर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। रक्षाबंधन के चलते शहर के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। मड़ियांव ढाल पर यातायात ड्यूटी कर रहे नवीन चौधरी की नजर एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि गिरफ्त में आने के बाद आरोपित ने खुद को छुड़ाने के लिए सिपाही के चेहरे पर पत्थर से वार किया। चोट लगने और खून निकलने के बावजूद नवीन ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपित को नियंत्रण में रखते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घायल यातायात आरक्षी को उपचार के लिए हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी नाक पर दो टांके लगाए। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर हैं। सिपाही के साहस की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त ने उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उनके लिए 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देने की घोषणा की गई है। साथ ही कमेंडेशन डिस्क के लिए भी उनका नाम प्रस्तावित किया गया है। घटना के बाद महिला ने सिपाही की बहादुरी से प्रभावित होकर उन्हें राखी बांधकर सम्मानित किया।

Check Also

बाढ़ का पानी उतरते ही शुरू होगा सफाई अभियान, 500 अतिरिक्त कर्मचारी संभालेंगे मोर्चा : गौरव कुमार, नगर आयुक्त

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। बाढ़ का पानी उतरते ही प्रभावित इलाकों में सफाई, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *