वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर आयोजित ‘स्नेह बंधन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूली बच्चों को स्मार्टफोन के सीमित और संतुलित इस्तेमाल की सलाह दी। छात्राओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को उपहार भी दिए। कार्यक्रम में एक छात्र ने मुख्यमंत्री से सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों को लेकर सवाल किया। जवाब में योगी ने कहा कि तकनीक आज के समय की जरूरत है, लेकिन इसकी अपनी सीमा है। स्मार्टफोन पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। अधिक स्क्रीन टाइम का आंखों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने बच्चों से स्मार्टफोन पर कम समय बिताने और अच्छी व प्रेरणादायक किताबें पढ़ने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी सोच विकसित करना जरूरी है। स्मार्टफोन का इस्तेमाल ऑनलाइन शिक्षा और उपयोगी सामग्री के लिए किया जा सकता है, लेकिन फोन पर उपलब्ध हर सामग्री लाभदायक नहीं होती। सोशल मीडिया पर अच्छे और खराब दोनों तरह के कंटेंट मौजूद हैं। इसलिए बच्चों को पाठ्यक्रम और ज्ञानवर्धक सामग्री पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
योगी ने कैलकुलेटर का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले बच्चे पहाड़े और गिनती याद रखते थे, लेकिन कैलकुलेटर पर बढ़ती निर्भरता से याद रखने की आदत प्रभावित हुई है। इसी तरह स्मार्टफोन पर अत्यधिक निर्भरता भी चुनौती बन रही है। उन्होंने रोज चार से छह घंटे स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले बच्चों को स्क्रीन टाइम धीरे-धीरे कम करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग करें, लेकिन उसे अपनी सोच और दिनचर्या पर हावी न होने दें।