वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बस में छूटे यात्री के बैग को सुरक्षित वापस लौटाने वाले उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मियों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करती हैं और कर्मचारियों की ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ डिपो की बस संख्या यूपी78 केटी 2112 आजमगढ़-सुल्तानपुर-लखनऊ मार्ग पर संचालित हो रही थी। इस बस के चालक संदीप पांडेय (संविदा) और परिचालक रमेश चंद्र यादव (संविदा) थे। आजमगढ़ से लखनऊ के लिए चलने के दौरान जगदीशपुर से चार यात्री बस में सवार हुए और आलमबाग बस स्टेशन पर उतर गए। उतरते समय यात्रियों का एक बैग बस में ही छूट गया। बस कर्मचारियों ने बैग को सुरक्षित अपने पास रख लिया। बाद में जब यात्री अपने बैग की तलाश करते हुए पहुंचे तो चालक और परिचालक ने उन्हें उनका बैग सुरक्षित लौटा दिया। बैग में करीब पांच लाख रुपये नकद के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य जरूरी सामान मौजूद था। बैग सुरक्षित मिलने पर यात्रियों ने निगम कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जताई।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस घटना की सराहना करते हुए कहा कि परिवहन विभाग के कर्मचारी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। ऐसे उदाहरण अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं और आमजन का भरोसा परिवहन व्यवस्था में और मजबूत होता है। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह के निर्देश पर चालक और परिचालक को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक आजमगढ़ ने उन्हें उपहार देकर सम्मानित करते हुए कहा कि उनके इस कार्य से निगम और आजमगढ़ डिपो का गौरव बढ़ा है। साथ ही अन्य कर्मचारियों से भी ऐसी ही ईमानदारी और जिम्मेदारी की अपेक्षा जताई गई।