वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होगी। इसके लिए आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विकसित नए पोर्टल को लाइव करने की सहमति दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने मंगलवार को सूचना निदेशालय में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र पत्रकारों का विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल के संचालन की प्रक्रिया समझाई। इसके तहत मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो दिया गया। प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय और प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर निर्धारित समय में विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई तेजी से पूरी की जा सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।