वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव-2025 और देव दीपावली न केवल धार्मिक व सांस्कृतिक पर्व हैं, बल्कि पर्यटन संवर्धन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने वाले महत्वपूर्ण अवसर भी हैं। इन आयोजनों से अयोध्या और वाराणसी की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व पटल पर नए आयाम मिलेंगे।
मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को पर्यटन निदेशालय में अधिकारियों के साथ भव्य आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि गत वर्ष की भांति इस बार भी दीपोत्सव और देव दीपावली का आयोजन और अधिक आकर्षक, भव्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने वाला हो। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार की व्यापक रणनीति बनाई जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुक इन आयोजनों का हिस्सा बन सकें। पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आगंतुकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और आयोजन की हर झलक ऐसी हो कि आगंतुकों के मन पर अविस्मरणीय छाप छोड़े।
इस समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति व धर्मार्थ कार्य मुकेश मेश्राम, विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया, पर्यटन सलाहकार जे.पी. सिंह, प्रीति श्रीवास्तव, अंजू चौधरी एवं सुश्री कीर्ति सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।