Breaking News

श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा का लखनऊ में भव्य स्वागत, प्रेम और सेवा का संदेश गूंजा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रशांति निलयम, आंध्र प्रदेश से निकली ‘प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा’ का लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। दो दिवसीय इस आयोजन में शहरभर के साईं भक्तों और गणमान्य व्यक्तियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। यह यात्रा केवल भौतिक नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा और करुणा का आध्यात्मिक संदेश लेकर देशभर में लोगों को प्रेरित कर रही है।
16 सितंबर को आशियाना स्थित शहनाई लॉन में रथ यात्रा का आगमन ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और पुष्पवर्षा के साथ हुआ। श्री सत्य साईं सेवा संगठन के पदाधिकारियों, भक्तों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने इस ऐतिहासिक क्षण को यादगार बना दिया। इस अवसर पर भक्तों द्वारा अपने घरों से लाए गए 108 प्रकार के व्यंजनों का भगवान को भोग अर्पित किया गया।
शाम को आशियाना क्षेत्र में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त और महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भजन संध्या, बाल विकास बच्चों की प्रस्तुतियां और सुमन मिश्रा द्वारा निर्देशित मनमोहक कठपुतली शो “छेपी नाडू चेस तारा” शामिल रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत डांस ड्रामा “चारों युगों में अवतार लीला” ने दर्शकों का मन मोह लिया।
दूसरे दिन की शुरुआत सुबह 5:20 बजे ओम्कारम्, सुप्रभातम् और नगर संकीर्तन से हुई। इसके बाद रथ को संगठन द्वारा गोद लिए गए गांव चिल्लावन और रहीमाबाद ले जाया गया, जहाँ ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यह यात्रा इस बात का प्रतीक बनी कि सेवा और आध्यात्मिकता किसी भौगोलिक सीमा में बंधी नहीं है।
यह प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा सार्वभौमिक संदेश देती है कि धर्म, जाति, भाषा और राष्ट्र अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन सभी में एक ही ईश्वर का अंश विद्यमान है। इसका उद्देश्य मनुष्य को उसके वास्तविक स्वरूप की पहचान कराना है, जो निस्वार्थ प्रेम और सेवा पर आधारित है।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में अमिताभ सरन, संजय तिवारी, देवेंद्र गर्ग, सुनील गुप्ता, अजय कपूर, गोविंद मेहरोत्रा, डॉ. राकेश गुप्ता, विनोद बाजपेई, रविन्द्र खत्री, सुनील यादव, अंकित श्रीवास्तव, श्रीमती कविता भटनागर, छाया गर्ग, डॉ. सुधा राव, डॉ. मृदुला श्रीवास्तव, नीरू मेहरोत्रा, वीना गुप्ता, मनीषा बाजपेई, सुजैन खत्री और गीता रानी गुप्ता सहित अनेक साईं भक्त व पदाधिकारी मौजूद रहे।
रथ यात्रा का लखनऊ से प्रस्थान 23 सितंबर को होगा। इस आयोजन ने न केवल साईं भक्तों को एक मंच पर एकत्र किया, बल्कि पूरे समाज को प्रेम, सेवा और भाईचारे के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए भी प्रेरित किया।

Check Also

हिंदू समाज में भेदभाव खत्म करने पर जोर, समरसता ही राष्ट्र निर्माण का आधार: नरेंद्र ठाकुर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमारलखनऊ। हिंदू समाज में जाति, भाषा और प्रांत के आधार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES