– अन्याय और अत्याचार के खिलाफ समाजवादियों को लड़ना होगा : शिवपाल सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव
वेब वार्ता (न्यूज एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा
हरदोई 21 अक्टूबर। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय और अत्याचार चरम पर है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही भाजपा का मुकाबला कर सकती है। इसीलिए भाजपा सरकार सबसे ज्यादा अन्याय और अत्याचार समाजवादी पार्टी के नेताओं पर कर रही है। भाजपा से हर मुकाबले के लिए समाजवादियों को तैयार रहना होगा।
हरदोई जनपद में लोक जागरण अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आम जनता को समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों में भरोसा है। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब समय नहीं बचा है। आने वाले चार पांच महीने में पूरे देश और प्रदेश में पूरा माहौल चुनावी होगा। इस चुनाव में भाजपा को हटाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाजवादियों की है। हमें अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं पर भरोसा है कि समाजवादी एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ भाजपा का मुकाबला करेंगे और उसे हराएंगे।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से प्रतिदिन एक करोड़ रू0 सरकार के खजाने में आ रहा है। यह सरकार का एक्सप्रेस-वे है। गंगा एक्सप्रेस-वे में हो सकता है टोल प्रतिदिन एक करोड़ रू0 से ज्यादा आयेगा। वह सरकार के खजाने में नहीं जाएगा। वह एक उद्योगपति की जेब में जाएगा। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और भाजपा के काम करने के तरीके में यही फर्क है। मुख्यमंत्री जी रोजगार पर भी सच क्यों नहीं बोलते है? आज हर गांव में बड़ी संख्या में नौजवान बेरोजगार हैं। उनके पास कोई काम नहीं है। तमाम गांवों में स्थिति यह है कि 100 फीसदी नौजवान बेरोजगार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के पास बढ़ती महंगाई का कोई जवाब नहीं है। भाजपा महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल है।
एक तरफ महंगाई बढ़ाकर उद्योगपतियों को मुनाफा करा रही है लेकिन किसानों को गेंहू और धान का लागत मूल्य भी नहीं दिला रही है। गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हुई। देश के चार पांच उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश के किसानों का पूरा गेंहू खरीद लिया और उससे भी मुनाफा कमाया है। धान तैयार है लेकिन इस सरकार ने धान खरीदने का कोई इंतजाम नहीं किया है। किसानों के धान की कहीं खरीद नहीं हो रही है। इसमें भी बिचौलिए हावी है और किसान लुट रहा है। श्री यादव ने कहा कि आज पूरा उत्तर प्रदेश डेंगू बुखार और संक्रामक बीमारियों की चपेट में है। गांव-गांव में डेंगू के मरीज हैं। देश को विश्वगुरु और प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का सपना दिखाने वाली भाजपा सरकार मरीजों के बुखार का इलाज नहीं कर पा रही है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा प्रोपेगंडा की सरकार है। जिस तरह से हिटलर की सरकार में एक मंत्री प्रोपेगंडा मिनिस्टर था उसी तरह से भाजपा की एक यूनिट प्रोपेगंडा चलाती है। भाजपा के इसी मुकाबले के लिए समाजवादी पार्टी लोक जागरण अभियान और प्रशिक्षण शिविर चला रही है।
कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट और बेईमान सरकार है। समाजवादियों ने उत्तर प्रदेश में कई भ्रष्ट और बेईमान सरकारों को बदला है। अब समाजवादियों को बैठना नहीं है। अन्याय और अत्याचार के खिलाफ समाजवादियों को लड़ना होगा। समाजवादियों का इतिहास रहा है कि जब वे निकलते थे अन्याय और अत्याचार करने वाले भाग जाते थे।
प्रशिक्षण शिविर में नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, लालजी वर्मा पूर्व मंत्री, रामअचल राजभर विधायक, डॉ0 राजपाल कश्यप प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, ऊषा वर्मा पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री आर.के. चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष जयशंकर पाण्डेय, शकील नदवी, आयोजक सुनील सिंह साजन Ex. MLC, विकास यादव तथा एडवो0 अभिषेक दीक्षित आदि शामिल रहे।
