Breaking News

समर्पण और सादगी की मिसाल थे आलम बदी, जनसेवा के आगे आयु नहीं रखती मायने: मुख्यमंत्री योगी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने विधानसभा के 21 पूर्व सदस्यों को भी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आलम बदी का सार्वजनिक जीवन इस बात का प्रमाण है कि यदि जनप्रतिनिधि जनता और अपने क्षेत्र के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करे तो आयु कभी भी उसकी सक्रियता और जनस्वीकृति में बाधा नहीं बनती।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि आलम बदी का 23 जुलाई को 90 वर्ष से अधिक आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थे। सदन के सबसे वरिष्ठ और वयोवृद्ध सदस्य के रूप में उन्होंने अपनी सक्रिय भूमिका से सभी जनप्रतिनिधियों को प्रेरित किया। उनका जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ जिले के बिंदवल गांव में हुआ था। वह पहली बार वर्ष 1996 के मध्यावधि विधानसभा चुनाव में विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद 2002, 2012, 2017 और 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से लगातार जनता का विश्वास प्राप्त किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आलम बदी विधानसभा की विभिन्न समितियों में सक्रिय रहे और वर्तमान में आचार समिति के सदस्य भी थे। उन्होंने सदन में हमेशा अपने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आलम बदी सरल, विनम्र और जनप्रिय नेता थे। उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी पहचान सादगी, बेदाग छवि और शालीन व्यवहार के लिए थी। गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति उनका विशेष लगाव था। उन्होंने कहा कि आलम बदी का निधन प्रदेश की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है तथा उनके जनसेवा और समर्पण का जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
सीएम ने 21 पूर्व सदस्यों को भी दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने पूर्व सदस्य राजेंद्र त्रिपाठी, पूर्व विधायक भोला पांडेय, अमिताभ लवानिया, सुब्बाराम, जगन्नाथ चौधरी, रामप्यारे आजाद, गोपीनाथ वर्मा, यशपाल सिंह, राधेश्याम भारती, संग्राम सिंह, हरिनारायण राजभर, डॉ. भगवत दयाल, अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’, ओमवती देवी, मोहर सिंह, अफसर यू अहमद, तेजभान सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, प्यारेलाल शंखवार, ओमकार सिंह, हनुमंत सिंह के निधन पर भी शोक जताया।

Check Also

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के आगामी तृतीय सत्र में अनुपूरक बजट समेत कई अहम विधायी कार्य होंगे

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने 3 अगस्त से विधानसभा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES