– उप्र. पर्यटन विभाग 14 करोड़ रुपए से अधिक की राशि से करेगा पर्यटन सुविधाओं का विकास
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में पर्यटन विभाग ने अमेठी जिले में 14 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि से विभिन्न स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं के विकास का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा स्वीकृत राशि से धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का विकास किया जाएगा। यह जानकारी उ0प्र0 के पर्यटन एवं संस्कृति जयवीर सिंह ने दी। उन्हांेने बताया कि उत्तर प्रदेश का अमेठी जिला सूफी संस्कृति और इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां के कई स्थल सूफी संतों और उनकी शिक्षाओं से जुड़े रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग जनपद में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 14 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि से विभिन्न परियोजनाओं स्वीकृत की गयी हैं।
जयवीर सिंह ने बताया कि अमेठी जिले की पहचान संतों की भूमि के रूप में रही है। इसी कड़ी में परम संत सतगुरु कबीर साहेब के बैठका का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा, जिसके लिए 99.10 लाख रुपए की राशि विभाग द्वारा स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार, बाबा दूलभ दास ग्राम धर्म विकास खंड तिलोई का पर्यटन विकास 94.03 लाख रुपए की धनराशि से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी में मलिक मोहम्मद जायसी की स्मृति में एक भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 10 करोड़ 86 लाख रुपए से अधिक की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है। स्मारक का उद्देश्य जायसी की साहित्यिक विरासत को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से अवगत कराना है। यह स्मारक न केवल सांस्कृतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देने का कार्य करेगा। अमेठी के मुसाफिरखाना की ग्राम-पंचायत दादरा में हिंगलाज भवानी मंदिर का पर्यटन विकास किया जाएगा। इसके लिए 62 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।