Breaking News

शोषितों-वंचितों के बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित रहा डॉ. रामविलास भारती का जीवन : श्रवण कुमार निराला

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
गोरखपुर। डॉ. रामविलास भारती का पूरा जीवन शोषितों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने वंचित समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आजीवन प्रयास किया। उनका जीवन समाजसेवा, शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन के लिए संघर्ष करने वालों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह विचार गोरखपुर प्रेस क्लब में अंबेडकर जन मोर्चा की ओर से आयोजित डॉ. रामविलास भारती की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने व्यक्त किए।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भारती के निधन पर बड़ी संख्या में बच्चों, उनके अभिभावकों और शुभचिंतकों का शोकाकुल होना उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को दर्शाता है। पूर्वांचल में उन्होंने शिक्षा के माध्यम से वंचित समाज को आगे बढ़ाने का जो प्रयास किया, वह लंबे समय तक याद किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि समाज में ऐसे लोग कम होते हैं, जो अपना पूरा जीवन दूसरों के भविष्य को संवारने में लगा देते हैं। डॉ. भारती ने मिशनरी भावना से काम करते हुए शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को मजबूत किया। उनका जीवन महात्मा बुद्ध, महात्मा ज्योतिबा फुले और संत कबीर के विचारों से प्रेरणा लेने तथा मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश देता है।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता अंबेडकर जन मोर्चा के मुख्य संयोजक श्रवण कुमार निराला ने की। इस अवसर पर डॉ. भारती के भतीजे शशांक भारती और बहन डॉ. सुधा सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त डीआइओएस शिवचंद राम, डॉ. अलख निरंजन, इंजीनियर नागेंद्र गौतम, केसी भारती, लोकतंत्र सेनानी राम अवध राव, गौतम, ओमप्रकाश गौतम, दूधनाथ, आरबी भास्कर, सूरज भारती, उमेश भास्कर, अमर पासवान और पीस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद निषाद समेत अनेक लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. रामविलास भारती के विचारों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Check Also

शहीद योगेश की पुण्यतिथि पर गूंजा देशभक्ति का स्वर, कविताओं ने जगाया शौर्य भाव

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार प्रतापगढ़। चमरुपुर शुक्लान के बलीपुर परसन गांव में गुरुवार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *