वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रोडवेज बस अड्डों पर अब यात्रियों को किताबें, पत्र-पत्रिकाएं और शैक्षिक सामग्री भी उपलब्ध होगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने प्रदेश के सभी बस स्टेशनों पर बुक स्टॉल खोलने का निर्णय लिया है। पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को सुविधा देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
योजना के तहत बुक स्टॉल संचालित करने वालों को किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। निगम के प्रबंध निदेशक पीएन सिंह ने इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों से 29 अक्टूबर तक रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
निर्देशों के मुताबिक, स्टॉल पर केवल किताबें, समाचार पत्र-पत्रिकाएं और शैक्षिक सामग्री बेचने की अनुमति होगी। अन्य वस्तुओं की बिक्री नहीं की जा सकेगी। निगम की ओर से स्टॉल संचालकों को पंखा और लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन एयर कंडीशनर (एसी) लगाने के लिए कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।
इस पहल से बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को समय का सदुपयोग करने का अवसर मिलेगा। खासकर विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अध्ययन सामग्री आसानी से मिल सकेगी। निगम का यह कदम बस अड्डों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के साथ पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने में भी मददगार साबित हो सकता है।