Breaking News

नारी का सम्मान और स्वावलंबन ही रामराज्य का आधार: योगी, 1.60 करोड़ बच्चों को मिल रहीं शैक्षिक सुविधाएं

– भारतीय नारी ने हर कालखंड में साबित किया अपना सामर्थ्य, नारी सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान: मुख्यमंत्री
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी को सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन मिलने से ही रामराज्य की संकल्पना साकार होगी। भारतीय नारी ने हर कालखंड में अपनी शक्ति और सामर्थ्य साबित किया है। नारी का सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान है। विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब बिना भेदभाव विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री रविवार को शारदीय नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर परिसर में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित ‘शिक्षा की उड़ान’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नौ कन्याओं का तिलक कर चुनरी ओढ़ाई और बच्चों को स्टडी टेबल, आशीर्वाद पत्र व स्टेशनरी किट वितरित की।
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में हर पांचवीं बेटी पढ़ाई बीच में छोड़ देती थी। जांच में सामने आया कि स्कूलों में शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। उस समय 60 से 70 प्रतिशत बेटियां नंगे पैर स्कूल जाती थीं। अब सरकार 1.60 करोड़ बच्चों को हर साल दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, स्वेटर और जूते-मोजे उपलब्ध करा रही है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी भी विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में महिलाओं को मालिकाना अधिकार दिया जा रहा है। उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को गैस कनेक्शन मिल रहे हैं, जबकि एक करोड़ से अधिक परिवारों की घरौनियों में भी महिलाओं को अधिकार मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और किसान मेले में किसानों को कृषि उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि विकास के माध्यम से ही आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर अधिकारी और शिक्षा विभाग के साथ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधायक पलटू राम, राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू सहित प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Check Also

लक्ष्य से अधिक मानव दिवस सृजित कर नया रिकॉर्ड बनाने का करें प्रयास : केशव प्रसाद मौर्य

– बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपद, विकास खंड एवं ग्राम पंचायतें होंगी सम्मानित – 12 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *