Breaking News

राष्ट्रीय लोक दल करेगा बूथ स्तर तक संगठन मजबूत, चौधरी चरण सिंह की विचारधारा के प्रचार पर जोर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी की भावी रणनीति, संगठन विस्तार, किसान हित, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और युवाओं तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पूर्व महासचिव अनिल दुबे ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन का शीघ्र पुनर्गठन किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर सात से आठ सदस्यों की सक्रिय बूथ समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक मजबूत बनाया जा सके। पार्टी ने महिलाओं की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
श्री दुबे ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में केंद्रीय संसदीय बोर्ड के गठन पर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी को बोर्ड के गठन और संचालन की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा चौधरी चरण सिंह विचार मंच के पुनर्गठन का भी निर्णय लिया गया, जो पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा और किसान हितैषी नीतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करेगा। बैठक में युवाओं को राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी फैसला लिया गया। इन शिविरों में युवाओं को पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और प्रचार-प्रसार के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय लोक दल ने यह भी घोषणा की कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और ग्रामीण समाज से जुड़े उनके विचारों और नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Check Also

13 साल की जंग के बाद हरीश को मिली इच्छामृत्यु, एम्स में हुआ निधन

– एम्स की मेडिकल टीम ने हरीश राणा के माता-पिता की काउंसलिंग भी की है, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES