Breaking News

सलीम एवं सलमान को धमकाने वाला गिरफ्तार, खुद को बताता था छोटा शकील का गुर्गा

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार
लखनऊ। अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को धमकी देने के मामले में चर्चित रहा हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शाहरुख आखिरकार लखनऊ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रयागराज के शाहगंज निवासी शाहरुख पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था।
इंदिरानगर थाना प्रभारी राजेश मौर्या के अनुसार पुलिस टीम बृहस्पतिवार को बंधा रोड स्थित एक मजार के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक भागने का प्रयास करने लगा। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद शाहरुख के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और आठ हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक शाहरुख ने करीब तीन सप्ताह पहले इंदिरानगर क्षेत्र में इरम स्कूल के पास एक महिला से चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ प्रयागराज के करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज और धूमनगंज थानों में रंगदारी, हत्या के प्रयास, बमबाजी और अन्य गंभीर अपराधों के लगभग 20 मुकदमे दर्ज हैं।
शाहरुख वर्ष 2018 में उस समय सुर्खियों में आया था जब उसने फिल्मों में काम दिलाने के बहाने अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके निजी सहायक को धमकी दी थी। इस मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। वर्ष 2019 में उसने एक कारोबारी पर जानलेवा हमला भी किया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2023 में उसका एक ऑडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह खुद को अपराध जगत से जुड़ा बताते हुए माफिया के लिए जान देने और लेने की बात कर रहा था। एक तस्वीर में वह कार से रिवॉल्वर लहराते हुए भी दिखाई दिया था। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

Check Also

मायावती बोलीं- राजनीतिक दलों ने हाइजैक किया Gen-Z आंदोलन, BSP कार्यकर्ता प्रदर्शनों से रहें दूर

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने Gen-Z …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Updates COVID-19 CASES