वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। राजधानी में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने रोकथाम के लिए अभियान तेज कर दिया है। जिले में एक दिन में डेंगू के 11 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। वहीं, फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्वास्थ्य टीम ने घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण किया और लोगों को बचाव के प्रति जागरूक किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज की टीम ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में आशा और एएनएम के सहयोग से कुंज विहार कॉलोनी, हाजिया इंस्टिट्यूट (दाउदनगर) और संत कबीर नगर में 65 घरों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों को जरूरी दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। साथ ही साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव के उपाय बताए गए।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, नए मरीजों में चंदरनगर के चार, इंदिरानगर के तीन, अलीगंज के दो और टुड़ियागंज के दो मरीज शामिल हैं। प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मोबाइल मेडिकल यूनिट ने कुंज विहार कॉलोनी में 23 और हाजिया इंस्टिट्यूट के पास 32 लोगों को उपचार संबंधी सुविधाएं दीं। विभाग ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और 108 एंबुलेंस सेवा की 24 घंटे तैनाती की जानकारी भी दी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर का पानी नियमित बदलने और पानी की टंकियों व बर्तनों को ढककर रखने की अपील की है। मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और बुखार होने पर खुद दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।