Breaking News

शिवा शर्मा मृत्यु प्रकरण: सीन रीक्रिएशन और चार माह की CCTV फुटेज सुरक्षित कराने की अमिताभ ठाकुर ने की मांग

– शिवा शर्मा मृत्यु प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग, डीजीपी को भेजा प्रत्यावेदन
वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। शिवा शर्मा मृत्यु प्रकरण में मृत्यु की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को प्रत्यावेदन भेजा है। उन्होंने मामले की गहन एवं निष्पक्ष विवेचना कराने के साथ महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है।
अमिताभ ठाकुर, अध्यक्ष, आजाद अधिकार सेना ने प्रत्यावेदन में घटनाक्रम का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्निर्माण (सीन रीक्रिएशन) कराने पर जोर दिया है। उन्होंने घटना से पूर्व के कम से कम चार माह की उपलब्ध प्रासंगिक सीसीटीवी रिकॉर्डिंग तत्काल सुरक्षित कराने की मांग भी की है, ताकि जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट होने या उपलब्ध न रहने की स्थिति से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि सीन रीक्रिएशन के दौरान घटनास्थल की परिस्थितियों, भवन की बनावट, ऊंचाई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का समन्वित परीक्षण किया जाना चाहिए। इसके साथ ही प्रकरण से संबंधित ऑडियो-वीडियो सामग्री और मोबाइल फोन की विधिसम्मत फॉरेंसिक जांच कराई जाए, जिससे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सके।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि शिवा शर्मा अब अपना पक्ष रखने के लिए जीवित नहीं हैं। ऐसे में उनकी मृत्यु से जुड़े प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच करना, साक्ष्यों को सुरक्षित रखना और वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाना जांच एजेंसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि सभी उपलब्ध वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना कर शिवा शर्मा को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Check Also

एसआर इंटरनेशनल स्कूल में दशहरा और दुर्गा पूजा की धूम, रावण दहन से दिया संदेश

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार लखनऊ। एसआर इंटरनेशनल स्कूल एंड स्पोर्ट्स एकेडमी में दशहरा एवं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *