वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार
लखनऊ। दशहरा और दीपावली समेत आगामी त्योहारों पर प्रदेशवासियों को स्वच्छ वातावरण, निर्बाध बिजली आपूर्ति और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत, जल निकासी और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंदिरों, पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
नगर आयुक्तों को त्योहारों की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का तत्काल समाधान कराने को कहा गया है। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम करने पर भी जोर दिया गया है।
विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान :
ऊर्जा मंत्री ने त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। पूजा पंडालों का निरीक्षण कर बिजली संबंधी सुरक्षा व्यवस्था जांचने और जुलूस व शोभायात्राओं के मार्गों पर विद्युत तारों का सर्वेक्षण कराने को कहा गया है। ढीले और नीचे लटक रहे तारों को तत्काल ठीक करने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने रात में भी बिजली आपूर्ति की निगरानी करने को कहा, ताकि किसी क्षेत्र में अनावश्यक बाधा न आए। विद्युत व्यवस्था के संचालन और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए अनुभवी संविदा कर्मियों की सेवाएं लेने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित माहौल और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।